नई दिल्ली: द्वारका श्री रामलीला सोसायटी, सेक्टर-10, द्वारका की ओर से आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव के सातवें दिन रामायण के प्रमुख प्रसंगों सीता हरण, जटायु वध और लंका दहन का मंचन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजकों ने उनका स्वागत किया। रामलीला के सातवें दिन के मंचन में स्वर्ण मृग के रूप में मारीच का पंचवटी पहुंचना, माता सीता की स्वर्ण मृग को पाने की इच्छा और भगवान श्रीराम का उसके पीछे जाना जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद लक्ष्मण के कुटिया छोड़कर जाने और रावण द्वारा साधु का वेश धारण कर माता सीता का हरण करने के दृश्य मंचित होंगे। माता सीता को लंका ले जाते समय जटायु द्वारा रावण को रोकने का साहसिक प्रयास भी दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

जटायु वध का प्रसंग त्याग, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नारी सम्मान की रक्षा का संदेश देगा। वहीं, लंका दहन के माध्यम से बुराई के विरुद्ध संघर्ष और अधर्म पर धर्म की विजय का भाव प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। कलाकारों के संवाद, जीवंत अभिनय और आकर्षक मंच सज्जा के जरिए रामायण के इन प्रसंगों को दर्शकों के सामने साकार किया जाएगा।
द्वारका श्री रामलीला सोसायटी के मुख्य संरक्षक आकाश राजेश गहलोत के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजकों के अनुसार, रामलीला केवल धार्मिक कथाओं का मंचन नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देने का माध्यम भी है। सोसायटी ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने तथा इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।