भगवान श्रीराम के आदर्श और मर्यादा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है – कपिल मिश्रा

नई दिल्ली: 19 अक्टूबर 2026

दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में मेघवर्ण आर्ट गैलरी के संयुक्त सहयोग से दिल्ली सचिवालय में ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक श्रीराम’ विषय पर भव्य कला प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कला प्रदर्शनी 30 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित कलाकृतियों को देखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग तथा मेघवर्ण आर्ट गैलरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कला प्रदर्शनी में भगवान श्रीराम के जीवन-वृत्त पर आधारित अद्भुत एवं मनमोहक चित्रों को प्रस्तुत करने वाले सभी कलाकारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए माँ दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही, भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनी कला के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने वाले कलाकारों के रचनात्मक योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित कला, संस्कृति एंव भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने सभी को दुर्गा नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां जगदंबा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। उन्होंने इस आयोजन के लिए आयोजकों और उनकी पूरी टीम को बधाई दी तथा कार्यक्रम की परिकल्पना प्रस्तुत करने वाली रचना जी और उपस्थित सभी कलाकारों का अभिनंदन किया।

कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन और उनसे जुड़े प्रसंगों को अपनी चित्रकलाकृतियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया है। इन कलाकृतियों की प्रदर्शनी इससे पूर्व श्रीराम जन्मभूमि में भी आयोजित की जा चुकी है। दिल्ली सचिवालय में 30 अक्टूबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी लोगों को भारतीय संस्कृति और श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

कपिल मिश्रा ने कहा, “यह प्रभु श्रीराम का कार्यक्रम है और राम भक्तों ने इसका आयोजन किया है। धार्मिक परंपराओं और आस्था का सम्मान करते हुए ऐसे कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए जाने चाहिए।” उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और राष्ट्रधर्म भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अभिन्न अंग हैं और ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों को सांस्कृतिक विरासत एवं मानवीय मूल्यों से जोड़ने की प्रेरणा देते हैं।
दिल्ली में दुर्गा पूजा आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी की दुर्गा पूजा समितियां पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भव्य आयोजन कर रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं इनकी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दिन श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आयोजनों के सुचारु संचालन के लिए दिल्ली सरकार द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

कला प्रदर्शनी में भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जीवन प्रसंगों तथा उनके आदर्शों को दर्शाती आकर्षक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। कलाकारों ने भगवान श्रीराम की जीवन यात्रा, वनवास के प्रसंग और रामायण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण दृश्यों को अपनी चित्रकला के माध्यम से जीवंत रूप प्रदान किया है।

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को शॉल भेंट कर तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की गई।

इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, करुणा और मानवता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाना तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.